Jammu में जासूसी का मामला दर्ज, सेना अधिकारी की पत्नी पर विदेशी एजेंसियों से संपर्क का आरोप
Sunday, Oct 18, 2026-07:46 PM (IST)
जम्मू ( रोशनी ) : जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। जम्मू में एक महिला के खिलाफ देश की गोपनीय जानकारी लीक करने और विदेशी खुफिया एजेंसियों से संपर्क रखने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित महिला तेलंगाना के सिकंदराबाद की रहने वाली है और एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी की पत्नी बताई जा रही है। आरोप है कि महिला सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज, फोटो और इलेक्ट्रॉनिक डाटा एकत्र कर रही थी और उसे अपने पास रखकर एन्क्रिप्टेड ऑनलाइन माध्यमों से आगे भेज रही थी। आशंका जताई जा रही है कि यह जानकारी चीन समेत अन्य देशों की खुफिया एजेंसियों तक पहुंचाई जा रही थी।
इस संबंध में ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट तथा आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि किस प्रकार की गोपनीय जानकारी सांझा की गई है और इसमें कौन-कौन से विदेशी संपर्क शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर की सामरिक दृष्टि से संवेदनशीलता को देखते हुए इस मामले को बेहद गंभीर माना जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं कि क्या महिला ने वास्तव में किसी गोपनीय दस्तावेज तक पहुंच बनाई थी। फिलहाल मामले में तलाशी, बरामदगी या गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
