Shopian के लिए CM Omar Abdullah ने खोला विकास का खजाना, किए कई बड़े ऐलान
Friday, Jul 03, 2026-02:17 PM (IST)
जम्मू (सतीश): मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने वीरवार को शोपियां जिले के व्यापक विकास की समीक्षा करते हुए करीब 76.45 करोड़ रुपए की 13 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद शोपियां के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और जनसेवाओं की प्रगति का जायजा लिया। उपायुक्त शोपियां ने जिले की विकास स्थिति, केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि भौगोलिक रूप से छोटा होने के बावजूद शोपियां की पहचान विश्व प्रसिद्ध सेब उद्योग, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक मुगल रोड से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार इन क्षेत्रों को और मजबूत करने के लिए विशेष निवेश और विकास योजनाओं पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर वित्तीय सीमाओं का सामना कर रहा है, लेकिन इसका असर विकास कार्यों पर नहीं पड़ने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को विशेष सहायता योजना के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की व्यक्तिगत निगरानी कर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बागवानों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने नियंत्रित वातावरण (सी.ए.) स्टोरेज, विपणन सुविधाओं, दुकानों की उपलब्धता और अन्य मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का भरोसा दिया। उन्होंने नकली कीटनाशकों पर प्रभावी कार्रवाई, मौसम आधारित फसल बीमा और ओलावृष्टि से बचाव के लिए सुरक्षा जाल जैसी योजनाओं पर भी सरकार के ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनप्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी विभागों तथा स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय कृषि, बागवानी और मूल्य संवर्धित उत्पादों की सराहना करते हुए ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया, उनमें शिरमल-वाथू-माटीपोरा सड़त का उन्नयन, शादाब करेवा, डोमवानी, अदीजन गडीपोरा और रेबन खोजपोरा की पेयजल योजनाएं, गग्रेन में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण, त्रेंज-शेखपोरा पुल तथा सफानगरी-लामीन दरबाग वाची सड़क के उन्नयन की परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने डूमपोरा मल्टी-सेल कॉजवे, शोपियां शहर के सौंदर्यीकरण, अगलर मेगा फ्रूट एंड वेजिटेबल मंडी में मैकेनिकल विंडरो कम्पोस्टिंग यूनिट, अल्लोवपोरा में पाश्चराइज्ड कम्पोस्ट यूनिट तथा मेगा फ्रूट मंडी में आधुनिक नीलामी प्लेटफॉर्म का भी शिलान्यास किया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
