ईद के बाद CM Omar Abdullah करेंगे बड़ा ऐलान! सियासी गलियारों में छिड़ी चर्चा

Thursday, May 07, 2026-12:39 PM (IST)

जम्मू/श्रीनगर(सतीश): जम्मू-कश्मीर की सियासत में हलचल के बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बड़ा संकेत देते हुए कहा कि वह ईद के बाद एक मजबूत राजनीतिक संदेश देने वाले हैं। तंगमर्ग में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि फिलहाल मंच और अवसर राजनीतिक बयानबाजी के लिए उपयुक्त नहीं है, लेकिन जल्द ही वह खुलकर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि “मुझ पर भरोसा कीजिए, मैं क्लाउडबर्स्ट की तरह फटना चाहता हूं।“

इसी के साथ ही मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नैशनल कॉन्फ्रैंस के विधायकों के दलबदल की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी का कोई भी विधायक दूसरी तरफ नहीं जाएगा और भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने ऐसी खबरों को पूरी तरह निराधार बताया।

पी.डी.पी. पर लगाए गए आरोपों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा की मदद की थी, जो आर.टी.आई. के जरिए सामने आ चुका है। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार पूरी तरह स्वतंत्र रूप से काम करती है और किसी अन्य संगठन के निर्देशों पर नहीं चलती है। पर्यटन स्थलों को दोबारा खोलने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विषय पर विधानसभा में चर्चा हो चुकी है और कई स्थान पहले ही खोले जा चुके हैं, जबकि बाकी को चरणबद्ध तरीके से खोला जाएगा।

कैबिनेट विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इस पर उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा, हालांकि उन्होंने कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई। मुख्यमंत्री के इन बयानों से साफ है कि आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर की राजनीति में और अधिक हलचल देखने को मिल सकती है, खासकर ईद के बाद उनके संभावित बड़े बयान को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News