Alert! चिनाब नदी का जलस्तर घटा, लेकिन खतरा अभी तक बरकरार, प्रशासन की लोगों से अपील
Thursday, Jul 23, 2026-02:19 PM (IST)
परगवाल ( रोहित मिश्रा ) : चिनाब नदी का जलस्तर, जो बुधवार को बढ़कर करीब 35 से 36 फीट तक पहुंच गया था, अब घटकर 31 फीट रह गया है। जलस्तर में कमी आने के बावजूद नदी का बहाव अभी भी तेज बना हुआ है। इसे देखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस और प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे चिनाब नदी के किनारे न जाएं और अपनी जान जोखिम में न डालें।
लगातार हुई बारिश के कारण चिनाब नदी में आए उफान का असर परगवाल-इन्द्री के बीच निर्माणाधीन पुल पर भी पड़ा है। बढ़े हुए जलस्तर के चलते पुल निर्माण कार्य फिलहाल पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
निर्माण कंपनी की 3 हायड्रा मशीनें और एक जनरेटर सेट अभी भी नदी के बीच बने टापू पर फंसे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, जब तक नदी का जलस्तर घटकर 22 से 23 फीट के आसपास नहीं पहुंचता, तब तक इन मशीनों को सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं होगा।
फिलहाल कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी नदी किनारे पड़े लोहे के सामान व अन्य निर्माण सामग्री को सुरक्षित स्थान पर इकट्ठा करने में जुटे हुए हैं, ताकि जलस्तर दोबारा बढ़ने की स्थिति में किसी तरह का नुकसान न हो।
प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि चिनाब नदी के किनारे जाने से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
