Budget 2026: महंगाई के खिलाफ PM मोदी का महा-प्लान! ''आम आदमी की जेब का बोझ कम करेगा यह बजट''
Sunday, Feb 01, 2026-03:54 PM (IST)
जम्मू डेस्क : आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में लगातार 9वीं बार बजट पेश किया। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और रक्षा जैसे अहम क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया है। बजट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे ऐतिहासिक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण की तारीफ करते हुए कहा कि एक महिला वित्त मंत्री द्वारा 9वीं बार बजट पेश करना गर्व की बात है। इस बजट का मकसद महंगाई को काबू में रखना और देश की आर्थिक विकास दर को बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि भारत 140 करोड़ लोगों वाला देश है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे नंबर पर पहुंचेगा। भारत अब दुनिया के लिए एक भरोसेमंद साझेदार बन रहा है।
यूरोपीय यूनियन के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से भारतीय युवाओं और उद्योगों को फायदा मिलेगा। बजट में सेमीकंडक्टर, बायो-फार्मा और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग जैसे नए क्षेत्रों को बढ़ावा दिया गया है। युवाओं के लिए रोजगार बढ़ाने के लिए भारत को डेटा सेंटर हब बनाने पर जोर दिया गया है, इसलिए इसे “यूथ पावर बजट” कहा गया है।
बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, जलमार्ग और हाई-स्पीड रेल जैसी योजनाएं शामिल हैं। किसानों के लिए नारियल, काजू, कोको और चंदन की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। ‘भारत विस्तार AI’ के जरिए किसानों को उनकी भाषा में जानकारी मिलेगी।
महिलाओं और ग्रामीण विकास के लिए सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी 10 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मजबूत करने की योजना है। हर जिले में लड़कियों के लिए नए हॉस्टल बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री के अनुसार, यह बजट गांव, गरीब और किसानों के हित में है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
