जम्मू-कश्मीर की मशहूर पर्यटक स्थल पर लगी रोक, अब नहीं कर सकते यह काम

Friday, Mar 06, 2026-07:37 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर डेस्क: सोनमर्ग के घास के मैदान (मीडो) क्षेत्र में चल रही स्नो बाइक गतिविधियों पर सोनमर्ग डेवलपमेंट अथॉरिटी ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह फैसला पर्यावरण संरक्षण और मैदान की नाजुक घास को नुकसान से बचाने के लिए लिया गया है।

अधिकारियों द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हाल के दिनों में कम बर्फबारी और सर्दियों के मौसम के समाप्त होने के कारण कई जगहों पर मैदान की प्राकृतिक घास दिखाई देने लगी है। ऐसे में लगातार चल रही स्नो बाइक (स्नोमोबाइल) गतिविधियों से घास और पर्यावरण को नुकसान पहुँच रहा था।

अधिकारियों का कहना है कि सोनमर्ग का यह घास का मैदान पर्यटन स्थल का अहम हिस्सा है, इसलिए इसकी प्राकृतिक स्थिति को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी है। इसी कारण मीडो क्षेत्र में सभी स्नो बाइक गतिविधियों को तुरंत प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। अथॉरिटी ने स्पष्ट किया कि यह कदम पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और मैदान की प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया है।

इस आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए इसकी प्रतियां गंदेरबल जिले के डिप्टी कमिश्नर, डायरेक्टर टूरिज्म कश्मीर, एसडीएम कंगन, डीएसपी कंगन और एसएचओ सोनमर्ग को भेजी गई हैं। इसके अलावा वन्यजीव विभाग, टूरिस्ट पुलिस सोनमर्ग, अथॉरिटी की प्रवर्तन शाखा और स्नो बाइक एसोसिएशन को भी आदेश का तुरंत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अथॉरिटी ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पर्यावरण और अन्य नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें अनुमति रद्द करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News