दरिंदगी की सारी हदें पार! ठूंस-ठूंसकर भरे 36 मवेशी, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Saturday, Jan 31, 2026-10:47 PM (IST)
जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू पुलिस साउथ ज़ोन ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस पोस्ट सैनिक कॉलोनी की टीम ने एक ट्रक को पकड़कर 36 मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया। यह कार्रवाई एसपी साउथ, एसडीपीओ ईस्ट और थाना चन्नी हिमत के एसएचओ की निगरानी में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जम्मू जिले में पहले भी कई मामलों में शामिल एक कुख्यात पशु तस्करी गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है और मवेशियों को गैरकानूनी तरीके से कश्मीर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के अनुसार, ट्रक नंबर JK19A-5950 में मवेशी भरकर एनएचडब्ल्यू कुंजवानी से सैनिक कॉलोनी की ओर ले जाए जा रहे थे।
सूचना मिलते ही सैनिक कॉलोनी के कश्मीर बार के पास नाका लगाया गया। शाम करीब 6:30 बजे संदिग्ध ट्रक को कुंजवानी की तरफ से आते हुए रोका गया। पुलिस के रोकने पर ट्रक चालक और उसका एक साथी नीचे उतरकर हंगामा करने लगे और जांच का विरोध किया। दोनों ने पुलिस के काम में बाधा डाली और मौके से फरार हो गए, जबकि ट्रक को वहीं छोड़ दिया।
ट्रक की जांच करने पर उसमें 17 गायें, 18 बैल और एक मृत बैल, कुल 36 मवेशी पाए गए। सभी जानवरों को रस्सियों से बेरहमी से बांधा गया था। वे भूखे-प्यासे थे और ट्रक क्षमता से कहीं अधिक भरा हुआ था, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर नंबर 57/2026, धारा 223/132/111 बीएनएस व 11 पीसीए एक्ट के तहत थाना चन्नी हिमत में मामला दर्ज कर लिया है। सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जम्मू पुलिस साउथ ज़ोन ने साफ किया है कि पशु तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और आम जनता से अपील की है कि ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था और मानवीय मूल्यों की रक्षा की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
