हैवानियत की इंतहा! तेल टैंकर के अंदर ठूंस-ठूंसकर भरे गए 23 गोवंश, पुलिस ने ऐसे किया रेस्क्यू
Sunday, Mar 08, 2026-08:45 PM (IST)
जम्मू डेस्क (राकेश): जम्मू के अखनूर के गांव तरोटी में तीन दिन पहले गोवंश तस्करी के खिलाफ गुस्साए लोगों द्वारा तस्करों के वाहन को आग के हवाले किए जाने की घटना के बाद भी तस्करों में कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। रविवार को लखनपुर पुलिस ने पंजाब से जम्मू-कश्मीर में तेल टैंकर के जरिए की जा रही गोवंश तस्करी के एक प्रयास को नाकाम कर दिया।
पुलिस के अनुसार टैंकर में 23 गोवंशों को बेहद बेरहमी से भरा गया था, जिनमें 21 गायें और 2 बछड़े शामिल थे। थाना प्रभारी नीरज चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस तस्करी का पर्दाफाश किया।
जानकारी के मुताबिक तस्करों ने टैंकर की लोहे की चादर को एक तरफ से काटकर अंदर गोवंशों को भर दिया और फिर उसे वेल्डिंग कर बंद कर दिया, ताकि बाहर से किसी को शक न हो। लेकिन सतर्क पुलिस ने टैंकर को रोककर जांच की, जिससे तस्करी की साजिश सामने आ गई।
टैंकर के अंदर बंद गोवंशों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन की मदद से टैंकर की लोहे की बॉडी तोड़नी पड़ी। इसके बाद सभी गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर मुक्त कराया गया।
उल्लेखनीय है कि गोवंश तस्करी की बढ़ती घटनाओं और हिंदू समुदाय में बढ़ते गुस्से को देखते हुए कठुआ के डीसी राजेश शर्मा ने जिले में 1 मार्च से 30 अप्रैल तक बिना अनुमति किसी भी तरह के पशुओं को वाहन से ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस आदेश को सख्ती से लागू किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
