Akhnoor: आग की लपटों ने उजाड़ा गरीब का आशियाना, मासूमों की किताबों संग जले सपने
Sunday, Mar 15, 2026-05:25 PM (IST)
अखनूर ( रोहित मिश्रा ) : अखनूर क्षेत्र के कमालिया गांव में शनिवार शाम को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब एक कच्चे मकान में अचानक आग लगने से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। यह घटना अखनूर से दूर स्थित कमालिया गांव के वार्ड नंबर 6 की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजे कुमार पुत्र बिजीराम, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर तथा अन्य जरूरी सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
हादसे के समय घर में मौजूद बच्चों के पास केवल वहीं कपड़े बचे, जो उन्होंने पहन रखे थे। विजय कुमार की तीन बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां अभी पढ़ाई कर रही हैं। एक बेटी 9वीं कक्षा में तथा दूसरी तीसरी कक्षा में पढ़ती है। आग लगने से दोनों बच्चियों की किताबें, कॉपियां और कपड़े भी जलकर राख हो गए।
इस हादसे में एक गाय की जलने से मौत हो गई, जबकि एक भैंस, जिसने करीब दस दिन पहले ही बच्चा दिया था, आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस आगजनी से उनका सब कुछ खत्म हो गया है और अब उनके पास रहने तथा खाने तक का कोई साधन नहीं बचा है। बीजे कुमार ने प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता तथा राहत सामग्री उपलब्ध करवाने की अपील की है, ताकि उनका परिवार फिर से अपना जीवन शुरू कर सके। अखनूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्वय आई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा और मदद प्रदान की जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
