चलती ट्रेन में मोबाइल चोर की चालाकी हुई फेल, नहीं खोल पाया लॉक, फिर...
Sunday, Nov 01, 2026-05:22 PM (IST)
जम्मू : उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से चलती ट्रेन में एक संदिग्ध मोबाइल चोर को पकड़ लिया गया। आरोपी को बाद में मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जी.आर.पी. और आर.पी.एफ. के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर-14611 लखनऊ-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग स्टाफ रवींद्र कुमार कोच नंबर एस3 से एस7 में टिकट चैक कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक व्यक्ति नशे की हालत में संदिग्ध रूप से घूमता हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर रवींद्र कुमार ने उससे टिकट मांगा और उसके पास मौजूद मोबाइल फोन के बारे में पूछताछ की। मोबाइल की लॉक स्क्रीन पर किसी अन्य व्यक्ति की फोटो लगी हुई थी। आरोपी बार-बार कोशिश करने के बावजूद मोबाइल का पासवर्ड नहीं खोल पाया, जिससे टिकट चेकिंग स्टाफ का शक और गहरा गया।
पकड़े जाने के डर से आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टिकट चैकिंग स्टाफ ने उसे पकड़ लिया और शोर मचाया। शोर सुनकर नजदीकी कोच में ड्यूटी कर रहे अन्य टिकट चैकिंग स्टाफ भी मौके पर पहुंच गए। सह-यात्रियों की मदद से आरोपी को काबू में कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मोबाइल पिछले स्टेशन से चोरी किया था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
