Katra जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी अलर्ट! बदला गया मुख्य ट्रेन का Route, कई स्टेशनों से हटा ठहराव, यहां देखें पूरी जानकारी

Wednesday, May 27, 2026-07:40 PM (IST)

जम्मू ( तनवीर ) :  जम्मू मंडल द्वारा हमेशा यह प्रयास किया जाता है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो। इसी कड़ी में, यात्रियों की बढ़ती मांग और उनकी सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए, उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। पूर्व में विभिन्न अपरिहार्य कारणों से ट्रेन संख्या 04081/04082 (नई दिल्ली - श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा - नई दिल्ली) को आगामी कुछ तिथियों के लिए पूर्ण रूप से रद्द करने का निर्णय लिया गया था। परन्तु यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, ट्रेनों को पूर्ण रूप से रद्द करने के बजाय, अब परिवर्तित मार्ग के साथ बहाल करने की मंजूरी दे दी गई है।

 रेलवे द्वारा यात्रियों के हित में लिए गए निर्णय पर Uchit Singhal, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू  ने कहा कि यात्रियों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। 04081/04082 को रद्द करने से हजारों यात्रियों, विशेषकर श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा होती। इसलिए हमने इसे वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया हैं, यात्रियों से अनुरोध है कि वे परिवर्तित मार्ग और समय-सारणी को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा योजना बनाएं।”

सर्वसंबंधित यात्रियों की जानकारी के लिए इस ट्रेन के संचालन, संशोधित मार्ग और तिथियों का विस्तृत विवरण नीचे दिया जा रहा है:

1. ट्रेन संख्या 04081 (नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा)  

- यात्रा प्रारंभ करने की तिथि: यह व्यवस्था दिनांक 29.05.2026, 01.06.2026 और 03.06.2026 को नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन के लिए लागू होगी।  
- संशोधित रूट: यह ट्रेन अपने नियमित मार्ग के स्थान पर अब नई दिल्ली - गाजियाबाद - सहारनपुर - अंबाला कैंट होकर अपने गंतव्य को जाएगी।  
- छूटने वाले ठहराव: मार्ग में परिवर्तन होने के कारण, यह ट्रेन पानीपत और कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। इन स्टेशनों के यात्रियों से अनुरोध है कि वे वैकल्पिक व्यवस्था देखें।

2. ट्रेन संख्या 04082 (श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली)  

- यात्रा प्रारंभ करने की तिथि: यह व्यवस्था दिनांक 30.05.2026, 02.06.2026 और 04.06.2026 को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से चलने वाली ट्रेन के लिए लागू होगी।  
- संशोधित रूट: यह ट्रेन अपने नियमित मार्ग के स्थान पर अब अंबाला कैंट - सहारनपुर - गाजियाबाद - नई दिल्ली होकर चलेगी।  
- छूटने वाले ठहराव: मार्ग में परिवर्तन होने के कारण, यह ट्रेन भी वापसी यात्रा में कुरुक्षेत्र और पानीपत रेलवे स्टेशनों पर अपनी सेवाएं नहीं दे सकेगी।

*  रेलवे प्रशासन सभी यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे कुरुक्षेत्र और पानीपत स्टेशनों पर ठहराव न होने की बात को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। 

स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, पूछताछ काउंटरों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से यात्रियों को लगातार इसकी जानकारी दी जा रही है। यात्री अपनी ट्रेन की सटीक और लाइव स्थिति जानने के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News