जम्मू रैली से पहले Katra पहुंचे Deputy CM सुरिंदर चौधरी, भाजपा पर साधा निशाना

Wednesday, Jul 08, 2026-04:10 PM (IST)

कटड़ा(अमित): नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बुधवार को कटड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में 12 जुलाई को जम्मू में प्रस्तावित राज्यस्तरीय जनसभा की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान नेकां के नेताओं ने दावा किया कि रियासी और कटड़ा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक जम्मू पहुंचेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि 12 जुलाई को जम्मू में आयोजित होने वाली जनसभा का मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) बहाल करने की मांग को बुलंद करना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए वादे को केंद्र सरकार को याद दिलाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नेताओं ने रियासी और कटड़ा के लोगों से सुबह 11 बजे से पहले जम्मू पहुंचकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को सुनने तथा राज्य के अधिकारों की आवाज बुलंद करने की अपील की।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता और जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने पार्टी पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का इतिहास आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष का रहा है और मिलिटेंसी के दौर में पार्टी के कई मंत्री, विधायक, जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की भूमिका और इतिहास को ध्यान में रखकर ही ऐसे सवाल पूछे जाने चाहिए।

हाल ही में विवादित पुस्तक को लेकर उठे विवाद पर नेताओं ने कहा कि सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है। उनका कहना था कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरी सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने इस मामले में किसी साजिश की आशंका भी जताई।

नेशनल कॉन्फ्रेंस नेताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने, युवाओं को रोजगार देने और विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने चुनावी घोषणापत्र के वादों को पूरा करने में विफल रही है और बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाई गई।

उन्होंने NEET पेपर लीक मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए और सरकार को युवाओं की चिंताओं का समाधान करना चाहिए।

बैठक के दौरान नेताओं ने डोडा जिले के ठठरी क्षेत्र में हाल ही में हुए क्लाउडबर्स्ट हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार, एस.डी.आर.एफ. (SDRF) और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि क्लाउडबर्स्ट जैसी प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन पर्यावरण संरक्षण और वनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना समय की आवश्यकता है। नेताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और जंगलों को बचाने की अपील करते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News