कश्मीर के दारुल उलूम में भयानक आग का कहर, एक नाबालिग की मौत, कई झुलसे

Tuesday, May 12, 2026-11:02 AM (IST)

अनंतनाग(मीर आफताब): दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के मट्टन चौक इलाके में एक मस्जिद-सह-दारुल उलूम में पिछली रात भीषण आग लगने से एक नाबालिग छात्र की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

मामले की जानकारी देते अधिकारियों ने बताया कि कोर्ट रोड पर स्थित दारुल उलूम बाबा हैदर रेशी में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने मदरसे के कुछ हिस्सों को भी नुकसान पहुंचाया। स्थानीय लोगों और साथी छात्रों की मदद से दमकल और आपातकालीन टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार इस घटना में 4 छात्र झुलस गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) अनंतनाग ले जाया गया। अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि घायल छात्रों में से एक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बिलाल अहमद कुमार (15) पुत्र मोहम्मद अकबर निवासी वार्डवान के रूप में हुई है।

इसके अलावा तीनों घायल छात्र, जिनकी उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है, फिलहाल GMC अनंतनाग में इलाज करवा रहे हैं। वहीं, एक गंभीर रूप से घायल छात्र को विशेष इलाज के लिए श्रीनगर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। इस बीच, पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की आगे की जांच शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News