Jammu से श्री माता वैष्णो देवी के लिए यात्रा रवाना, पहले शुभ नवरात्रे पर श्रद्धालु करेंगे दर्शन

Wednesday, Oct 02, 2024-06:32 PM (IST)

जम्मू : शिवसेना (यू.बी.टी.) की 42वीं पवित्र छड़ी यात्रा वीरवार को शोभायात्रा के रूप में जम्मू के प्रसिद्ध श्री रघुनाथ जी मंदिर से रवाना हुई। बाल संत श्री साहिल जी महाराज ने भगवा झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

बता दें पहले शुभ नवरात्रे पर श्री माता वैष्णो देवी दरबार में छड़ी पूजन व मां भगवती के दर्शन किए जाएंगे। जम्मू के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक श्री रघुनाथ जी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा के रूप में श्री माता वैष्णोदेवी की पवित्र छड़ी व अखंड ज्योति रवाना हुई।

ढोल नगाड़ों पर झूमते व मां का जयघोष करते हुए शोभायात्रा रघुनाथ बाजार, पुरानी मंडी, राजतिलक रोड से नगरोटा स्थित कौल कंडोली मंदिर पहुंची, जहां से मां भगवती के दर्शनों के बाद यात्रा कटड़ा की तरफ बढ़ी। धर्म नगरी कटड़ा पहुंचने पर शिवसेना कटड़ा इकाई द्वारा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।

पार्टी प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने बताया कि 3 अक्तूबर को पहले शुभ नवरात्रे पर माता वैष्णोदेवी की पवित्र गुफा में पूरे विधि-विधान के साथ छड़ी पूजन व मां वैष्णो देवी के दर्शनों का सौभाग्य प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि वह मां भगवती के चरणों में देश व जम्मू-कश्मीर की खुशहाली, तरक्की के साथ अमन बहाली व आपसी भाईचारा बने रहने की प्रार्थना करेंगे। साहनी ने छड़ी यात्रा के दौरान प्रशासन की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिलने की कड़ी निंदा की है।

वहीं, धर्मार्थ ट्रस्ट के सहयोग की सराहना की गई। इस मौके पर बाल संत साहिल जी महाराज मुख्यातिथि तथा पार्टी के राष्ट्रीय संगठक अशोक तिवारी, धर्मार्थ ट्रस्ट के सचिव अशोक शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News