मौत को न्योता दे रहा “Mini Goa” को जाने वाला यह रास्ता! Tourists रहें अलर्ट
Wednesday, Feb 04, 2026-05:54 PM (IST)
बसोहली (सुशील): जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में रावी नदी के किनारे बसा ऐतिहासिक और खूबसूरत शहर बसोहली क्षेत्र का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पुरथू जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से पड़े एक बड़े गड्ढे के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। यह गड्ढा किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय निवासी जोगिंदर सिंह, जतिंदर शर्मा, रवींद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस मार्ग से रोज़ाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिनमें पर्यटक वाहन, दोपहिया वाहन और स्थानीय लोगों की गाड़ियां शामिल हैं।
गड्ढे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय यह गड्ढा और भी अधिक खतरनाक साबित हो सकता है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
गौरतलब है कि पुरथू एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जिसे लोग ‘मिनी गोवा’ के नाम से भी जानते हैं। यहां पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग की खराब हालत से पर्यटन पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग की मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी अप्रिय घटना से बचाव हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
