चिनाब किनारे खतरे की घंटी ! परगवाल पुलिस ने गांव-गांव पहुंचकर किया अलर्ट...
Friday, Jul 17, 2026-05:07 PM (IST)
परगवाल ( रोहित मिश्रा ) : रियासी पावर स्टेशन के डैम रिजर्वायर से सिल्ट फ्लशिंग की प्रक्रिया के चलते सलाल बांध के गेट खोले जाने के बाद चिनाब नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए परगवाल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी के मद्देनज़र बॉर्डर पुलिस पोस्ट परगवाल ने क्षेत्र के लोगों को समय रहते सावधान करने के लिए गांव-गांव जाकर मुनादी करवाई है।
पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से नरसिंहपुर, परगवाल, सजवाल, गवाढ, ब्राह्मण कोठे, गुढ़ा मन्हासा, दानपुर और हमीरपुर कोना सहित चिनाब किनारे बसे गांवों में लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे नदी के किनारे न जाएं और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।
पुलिस ने बताया कि सिल्ट फ्लशिंग के दौरान चिनाब नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे नदी किनारे मौजूद लोगों, किसानों, मछुआरों, पशुओं और बच्चों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। ग्रामीणों से अपने मवेशियों को भी नदी किनारे न बांधने और सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है।
बॉर्डर पुलिस पोस्ट परगवाल ने लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सतर्कता ही सुरक्षा है, इसलिए सभी नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
