Jammu Kashmir: कल, सुबह 5 बजे से कई रूट रहेंगे बंद, डायवर्जन लागू
Saturday, Mar 28, 2026-11:46 AM (IST)
जम्मू (रितेश) : पर्यटन विभाग जम्मू-कश्मीर द्वारा 29 मार्च को “जम्मू मैराथन-2026” का आयोजन किया जा रहा है। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि सुबह 5 बजे से लेकर लगभग 11 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। मैराथन के दौरान 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ अलग-अलग रूटों पर आयोजित की जाएगी। इन रूटों में एम.ए. स्टेडियम, ज्वैल चौक, रघुनाथ मंदिर, सिटी चौक, इंदिरा चौक, रिहाड़ी, अमर महल, बाहु प्लाजा, गांधी नगर, बिक्रम चौक और तवी ब्रिज जैसे व्यस्त इलाके शामिल हैं।
इन मार्गों पर दौड़ के दौरान सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सिटी नॉर्थ से रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या सतवारी जाने वाले वाहन कैनाल हैड, चौथे तवी ब्रिज, बेली चराना होते हुए सतवारी मार्ग का उपयोग करें। वहीं, सिटी साऊथ से सिटी नॉर्थ जाने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग को अपनाएं। सांबा और कठुआ से नगरोटा जाने वाले वाहनों को कुंजवानी, नरवाल और कासिम नगर रूट से होकर गुजरने की सलाह दी गई है।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। सिटी साऊथ औaर सिटी नॉर्थ से बाग-ए-बाहू जाने वाली बसों को सतवारी, नरवाल, कासिम नगर और रायका फॉरैस्ट चैक पोस्ट के रास्ते भेजा जाएगा। इस दौरान बिक्रम चौक से पी.एच.क्यू. रोटरी होते हुए बाग-ए-बाहू जाने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, सिधड़ा और भगवती नगर के तवी ब्रिज आम जनता के लिए खुले रहेंगे।
जे.के.पी.एस.सी. परीक्षा भी उसी दिन, अभ्यार्थी समय से निकलें
इसी दिन बख्शी नगर स्थित जे.के.पी.एस.सी. परीक्षा केंद्र में परीक्षा भी आयोजित हो रही है। ट्रैफिक पुलिस ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले घर से निकलें और मैराथन रूट से बचें। यदि किसी स्थान पर दिक्कत आती है तो वे अपना एडमिट कार्ड दिखाकर आगे जाने की अनुमति प्राप्त कर सकते हैं।
मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। सिटी साऊथ से आने वाले प्रतिभागी तवी रिवर फ्रंट और जे.डी.ए. पार्किंग में वाहन खड़े कर सकते हैं, जबकि सिटी नॉर्थ से आने वालों के लिए पीर बाबा ग्राऊंड, जी.जी.एम. साइंस कॉलेज और अभिनव थिएटर में पार्किंग उपलब्ध रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए यह जरूरी है। किसी भी ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए लोग ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट जम्मू के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
