बाबा बर्फानी के भक्तों की सुरक्षा को लेकर टीमें तैनात, अमरनाथ यात्रा दौरान 45 टीमें संभालेंगी मोर्चा
Saturday, Jun 20, 2026-11:50 AM (IST)
श्रीनगर(एजैंसी): समुद्रतल से लगभग 3888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित श्री अमरेश्वर धाम के दोनों यात्रा मार्गों (बालटाल-पवित्र गुफा और पहलगाम-पवित्र गुफा) पर किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की मदद के लिए 45 पर्वतीय बचाव दल (माउंटेन रेस्क्यू टीम) चिन्हित स्थानों पर उपलब्ध रहेंगे।
बता दें कि श्री अमरेश्वर धाम जिसे श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा के नाम से भी पुकारा जाता है, की वार्षिक तीर्थयात्रा 3 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक चलेगी। जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) नलिन प्रभात ने गुरुवार को अमरनाथ यात्रा के दोनों मार्गों पर तैनाती के लिए 45 पर्वतीय बचाव दलों (माउंटेन रेस्क्यू टीमों) को रवाना किया।
इन 45 टीमों में जम्मू-कश्मीर पुलिस, राज्य एवं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एस.डी.आर.एफ. और एन.डी.आर.एफ.), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.), सशस्त्र सीमा बल (एस.एस.बी.) और सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) के जवान शामिल हैं। इन दलों को श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा तक जाने वाले दोनों मार्गों पर 21 स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
एस.डी.आर.एफ. के निदेशक इम्तियाज हुसैन मीर ने पत्रकारों के साथ कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी उनकी टीमें श्रद्धालुओं की सहायता के लिए वहां तैनात रहेंगी। वे श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराएंगी और भगवान न करे यदि कोई आपदा आती है, तो वे तुरंत सक्रिय होकर उसका सामना करेंगी और स्थिति को नियंत्रित करेंगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
