राजौरी में जमीन धंसने का मामला, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जारी किए निर्देश

Monday, Jun 15, 2026-06:29 PM (IST)

राजौरी(शिवम): राजौरी जिले के कालाबन क्षेत्र में हुए गंभीर भू-धंसाव (लैंड सब्सिडेंस) की घटना के बाद थन्नामंडी के विधायक मुजफ्फर इकबाल खान ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त राजस्व (ए.सी.आर.), तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

भू-धंसाव के कारण क्षेत्र में कई मकानों और दुकानों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जबकि मुख्य सड़क भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे उस पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह असुरक्षित हो गई है। स्थानीय प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि निकटवर्ती सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत की गई भारी ड्रिलिंग गतिविधियों के कारण जमीन खिसकने की यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

निरीक्षण के दौरान विधायक मुजफ्फर इकबाल खान ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर उपायुक्त राजौरी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम तत्काल किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने, जोखिम वाले क्षेत्रों को चिन्हित करने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधायक ने बताया कि संभावित वर्षा को देखते हुए प्रशासन प्रभावित परिवारों के सामान को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने तथा आवश्यक राहत एवं सुरक्षा उपायों को तत्काल लागू करने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को भू-धंसाव के कारणों की विस्तृत जांच करने तथा शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और नुकसान के उचित मुआवजे की मांग की है। फिलहाल क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन द्वारा एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News