जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सफर करने वालों के लिए नई एडवाइजरी जारी, वाहन चालक सावधान!

Friday, Sep 04, 2026-10:40 PM (IST)

जम्मू/श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय की ओर से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे-44 पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। 3 सितंबर शाम 4 बजे से 4 सितंबर शाम 4 बजे तक NH-44 पर कई स्थानों पर यातायात बेहद धीमा रहा। उधमपुर के डावल में करीब 30-40 मीटर का सिंगल लेन हिस्सा होने के कारण ट्रैफिक को नियंत्रित तरीके से चलाया गया। इसके अलावा मैरोग और किश्तवाड़ी पाथर के बीच भी सिंगल लेन और सड़क की ऊबड़-खाबड़ स्थिति के कारण वाहनों की रफ्तार प्रभावित रही।

मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसे देखते हुए आम लोगों को सलाह दी गई है कि जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यात्रा शुरू करने से पहले TCU श्रीनगर, रामबन या जम्मू से सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर हासिल करें।

रात में यात्रा से बचने की सलाह

यात्रियों और LMV चालकों को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दिन के समय सफर करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने रात में यात्रा से बचने को कहा है, क्योंकि रामबन और बनिहाल के बीच शूटिंग स्टोन और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इस हिस्से में निर्माण कार्य भी जारी है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

तेल-गैस टैंकरों के लिए समय निर्धारित

NHAI की ओर से डिगडोल-खूनी नाला क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके चलते कश्मीर जाने वाले तेल और गैस टैंकरों की आवाजाही दिन के समय सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। सुरंगों में ज्वलनशील सामग्री से भरे टैंकरों की आवाजाही पर रोक के कारण अप-टैंकरों को चेनानी से आगे शाम 5 बजे के बाद से सुबह 5 बजे तक जाने की अनुमति होगी।

टैंकर ऑपरेटरों को इसी समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

ओवरलोडिंग से बचें, पर्याप्त ईंधन रखें

ट्रैफिक पुलिस ने मालवाहक वाहनों के ऑपरेटरों को ओवरलोडिंग से बचने और यात्रा के दौरान पर्याप्त ईंधन रखने की सलाह दी है। वाहन मालिकों से अपने वाहनों की फिटनेस भी अच्छी तरह जांचने को कहा गया है। रामबन-बनिहाल के बीच भूस्खलन और पत्थर गिरने वाले संवेदनशील क्षेत्रों के पास अनावश्यक रूप से वाहन रोकने से बचने की सलाह दी गई है।

5 सितंबर का ट्रैफिक प्लान

जम्मू-श्रीनगर NH-44: मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति बेहतर होने पर यात्री वाहन, प्राइवेट कार, LMV और मालवाहक वाहनों को जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू, दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। वाहन चालकों को लेन अनुशासन का पालन करने की सलाह दी गई है। ओवरटेकिंग और गलत लेन में वाहन चलाने से ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो सकती है।

सुरक्षा बलों के वाहनों की आवाजाही

मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर सुरक्षा बलों के वाहनों को भी जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। उन्हें रामबन TCU से हाईवे की स्थिति की पुष्टि करने के बाद ही आवाजाही करने की सलाह दी गई है।

किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग NH-244

सड़क की स्थिति ठीक रहने और NHIDCL से हरी झंडी मिलने के बाद LMV और निजी कारों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। पराना पुलिस पोस्ट से अनंतनाग की ओर वाहन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक, जबकि डक्सुम से किश्तवाड़ की ओर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चल सकेंगे। निर्धारित कटऑफ समय के बाद किसी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।

SSG रोड पर भी समय निर्धारित

श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी रोड पर मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल होने पर LMV को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। सोनमर्ग से कारगिल और मिनामार्ग से श्रीनगर की ओर वाहनों को सड़क रखरखाव एजेंसियों से हरी झंडी मिलने के बाद दोपहर 1 बजे तक जाने की अनुमति होगी। HMV को मिनामार्ग से श्रीनगर की ओर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चलने की अनुमति होगी। शाम 5 बजे के बाद किसी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। फिसलन भरी सड़क को देखते हुए वाहन चालकों को एंटी-स्किड चेन साथ रखने और इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

मुगल रोड पर भी ट्रैफिक प्लान जारी

मौसम और सड़क की स्थिति बेहतर रहने तथा GREF से अनुमति मिलने के बाद मुगल रोड (NH-701A) पर LMV और उसके बाद अधिकतम 10 टायर वाले HMV को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। बफ्लियाज के चंदिमर से शोपियां और शोपियां के हेरपोरा से पुंछ की ओर वाहन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चल सकेंगे। निर्धारित कटऑफ समय के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं और यात्रा से पहले संबंधित ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से हाईवे की स्थिति की जानकारी जरूर लें।


Content Editor

Subhash Kapoor

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News