Heeranagar के खेत में मिली रहस्यमयी धातु की चीज, पुलिस ने कब्जे में लेकर शुरू की जांच
Friday, Jul 03, 2026-01:29 PM (IST)
हीरानगर (लोकेश): कठुआ जिले के हीरानगर सैक्टर के अंतर्गत आने वाले सीमावर्ती गांव पंजगराई ब्राह्मणा में गुरुवार शाम एक खेत से माइंस का संदिग्ध हिस्सा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को विजय शर्मा पुत्र हेमराज निवासी गांव पंजगराई ब्राह्मणा अपने खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें खेत में धातु की एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। आशंका होने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीमा पुलिस चौकी (बी.पी.पी.) शेरपुर की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और बरामद माइंस के हिस्से को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया। एहतियात के तौर पर आस-पास के लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह माइंस का एक हिस्सा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह कब और कैसे वहां पहुंचा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में समय-समय पर पुराने विस्फोटक और सैन्य सामग्री मिलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे मामलों में सुरक्षा एजैंसियां तुरंत कार्रवाई कर किसी भी संभावित खतरे को टालने का प्रयास करती हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
