Samba में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, 5 परिवारों के जले आशियाने, भारी नुकसान
Thursday, May 21, 2026-08:00 PM (IST)
सांबा (अजय) : जिला सांबा के गांव बढ़ेरी (सुपवाल) में वीरवार को शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगने की खबर सामने आई है, जिससे 5 परिवारों के कच्चे रिहायशी कुल्ले जलकर राख हो गए है। हादसे में तीन बछड़े और एक भैंस भी जिंदा जल गए, जबकि हजारों रुपए की नकदी और घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बढ़ेरी में घरों के समीप गुजर रही बिजली की तारों के आपस में टकराने से शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी पास स्थित कच्चे कुल्लों तक पहुंच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला।
आग से प्रभावित परिवारों में हाशिम दीन पुत्र अहमद अब्दुल्ला, शेरू पुत्र शोवा, हुसैन पुत्र अहमद दुल्ला, मक्खन दीन पुत्र उमर दीन तथा हाजी पुत्र दुल्ला, सभी निवासी बढ़ेरी, सुपवाल शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक अधिकांश नुकसान हो चुका था और कच्चे कुल्ले पूरी तरह जल चुके थे। घटना में तीन बछड़ों और एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घरों में रखा घरेलू सामान, चारा, जरूरी दस्तावेज और हजारों रुपए की नकदी भी जलकर राख हो गई।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
