ALERT! राजौरी के जंगलों में लगी भीषण आग, वन विभाग की जनता से बड़ी अपील, जानिए कितनी हुई तबाही

Thursday, May 28, 2026-05:41 PM (IST)

राजौरी (शिवम) : जिला राजौरी के विभिन्न वन क्षेत्रों में इन दिनों आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। भीषण गर्मी, सूखी घास और तेज हवाओं के चलते जंगलों में लगी आग तेजी से फैल रही है, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। राजौरी शहर के आसपास के जंगलों के अलावा नौशेरा, सुंदरबनी और अन्य इलाकों में भी कई स्थानों पर आग की घटनाएं दर्ज की गई हैं।

जैसे ही वन विभाग एवं फायर एंड इमरजेंसी विभाग को कहीं भी जंगल में आग लगने की सूचना मिलती है, टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुट जाती हैं। हालांकि दुर्गम पहाड़ी इलाकों और तेज हवाओं के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

PunjabKesari

हरियाली को भारी नुकसान

आग के चलते बड़ी संख्या में पेड़-पौधे और हरियाली प्रभावित हुई है, वहीं जंगलों में रहने वाले वन्य जीवों और पक्षियों के प्राकृतिक आवास को भी नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवकों ने भी विभागीय टीमों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में सहयोग दिया।

पर्यावरण प्रेमियों ने की ठोस कार्रवाई की मांग

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में जंगलों से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा है। पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जंगलों में निगरानी बढ़ाने तथा आग की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

पिकनिक मनाने वालों पर सख्ती की अपील

स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगलों में आग लगने की घटनाएं हर साल गर्मियों के मौसम में बढ़ जाती हैं, लेकिन इस बार लगातार बढ़ती घटनाओं ने चिंता और अधिक बढ़ा दी है। लोगों ने जंगलों के आसपास पिकनिक मनाने आने वालों तथा असावधानी बरतने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।

मिट्टी की उर्वरता पर भी बुरा असर

विशेषज्ञों के अनुसार जंगलों में लगने वाली आग से न केवल पर्यावरण संतुलन प्रभावित होता है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता पर भी बुरा असर पड़ता है। इसके अलावा धुएं के कारण आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा है, जिससे लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

वन विभाग की आम जनता से अपील

वन विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि जंगलों के आसपास जलती हुई बीड़ी, सिगरेट या आग से संबंधित कोई भी सामग्री न फेंकें और आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत प्रशासन या फायर एंड इमरजेंसी विभाग को दें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन आग से वन क्षेत्रों को भारी क्षति पहुंची है। साथ ही लोगों से जंगलों के आसपास सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को देने की अपील की गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News