कश्मीर में भयानक हादसा: सरकारी स्कूल में लगी भीषण आग, मिनटों में जलकर खाक हुई इमारत
Saturday, Mar 07, 2026-07:55 PM (IST)
बारामुला (रेज़वान मीर): उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले के नरवाव क्षेत्र के मालपोरा गांव में स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में स्कूल की इमारत और अंदर रखा काफी सामान जलकर नुकसानग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर आग पर काबू पाने और उसे फैलने से रोकने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार आग से स्कूल की इमारत और उसमें रखा फर्नीचर सहित अन्य सामान को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार के हताहत होने की खबर नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना पर दुख जताते हुए सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि स्कूल भवन की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
