J&K : मौसम चेतावनी के बीच सभी स्वास्थ्य संस्थान हाई अलर्ट पर, जारी हुए ये निर्देश

Wednesday, Jul 01, 2026-09:22 PM (IST)

पूंछ, (धनुज): भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा भारी से अत्यधिक भारी बारिश, अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), भूस्खलन और अन्य आपात स्थितियों की चेतावनी जारी किए जाने के बाद पुंछ जिले का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) पुंछ ने जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिला अस्पताल पुंछ, मेंढर, सुरनकोट और मंडी के उप-जिला अस्पतालों सहित सभी पीएचसी, एनटीपीएचसी और सब-सेंटरों को तत्काल प्रभाव से हाई अलर्ट पर रखा गया है।

आदेश में कहा गया है कि मातृत्व अवकाश (Maternity Leave) को छोड़कर सभी डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती हैं। साथ ही अगले आदेश तक किसी भी नए अवकाश को मंजूरी नहीं दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने, दवाइयों, ऑक्सीजन, ड्रेसिंग सामग्री और जीवनरक्षक उपकरणों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा मेंढर, सुरनकोट और मंडी के ब्लॉक मेडिकल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कंट्रोल रूम स्थापित कर संबंधित अधिकारियों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 


Content Editor

Subhash Kapoor

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News