J&K: सुंगल टनल तुरंत खोलो! स्थानीय लोगों का प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन

Sunday, Jul 26, 2026-05:41 PM (IST)

राजौरी (  अमित शर्मा ) :   सुंगल टनल को आम जनता के लिए शीघ्र खोलने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने टनल के समीप शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से बिना किसी और देरी के टनल को यातायात के लिए खोलने तथा क्षेत्र में सुचारु आवाजाही बहाल करने की मांग की है।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि "हमारी आवाज शांतिपूर्ण है, लेकिन हमारी मांग बिल्कुल स्पष्ट है—सुंगल टनल को जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोला जाए।" उनका कहना था कि टनल बंद रहने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि टनल को खोलने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में सामान्य जनजीवन जल्द से जल्द पटरी पर लौट सके।

स्थानीय लोगों ने कहा कि वे विकास और बेहतर सड़क संपर्क के पक्षधर हैं, लेकिन जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए टनल को शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि "हमारी एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हम अपनी जायज़ मांग को शांतिपूर्ण तरीके से उठाते रहेंगे।"

प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


 


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News