नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी चोट, करोड़ों की Heroin व नकदी के साथ पेडलर गिरफ्तार
Monday, Mar 23, 2026-01:54 PM (IST)
आर.एस. पुरा ( मुकेश ) : नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए जम्मू पुलिस ने मीरां साहिब क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक कुख्यात नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 262 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 1.5 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मार्च की शाम पुलिस थाना मीरां साहिब की टीम द्वारा तुतरे चौक रिंग रोड पर नाका लगाया गया था। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को आते हुए देखा गया, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरपाल सिंह पुत्र पूरन सिंह निवासी वार्ड नंबर 14, जिला कठुआ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 262 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन, ₹1.5 लाख नकद तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 44/2026 के तहत NDPS एक्ट की धाराएं 8/21/22/27-A में मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के दौरान कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए धारा 50 एनडीपीएस एक्ट के तहत नोटिस भी जारी किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क के आगे-पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं। जम्मू पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
