Baramulla में कई दिनों से खुलेआम घूम रहा तेंदुआ, निवासियों में दहशत का माहौल
Monday, Jul 06, 2026-10:43 AM (IST)
बारामूला(रिजवान मीर): बारामूला के उशकरा रंगवार स्थित पी.डी.डी. कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, तेंदुए को बीती रात भी कॉलोनी के आसपास देखा गया, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन्यजीव विभाग की टीम तेंदुए का पता लगाने और उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है। आज सुबह विभाग के अधिकारी पीडीडी कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने इलाके का निरीक्षण किया, स्थिति का जायजा लिया और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जब तक तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ नहीं लिया जाता, तब तक वे विशेष रूप से सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा बच्चों पर विशेष ध्यान रखते हुए सतर्कता बरतें।
वन्यजीव विभाग ने आश्वासन दिया है कि स्थानीय निवासियों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभाग ने लोगों से किसी भी प्रकार की तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करने और अफवाहों से बचने की भी अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
