नशे पर कश्मीर पुलिस का बड़ा हमला, जारी किए हैरानीजनक आंकड़े
Tuesday, May 12, 2026-12:23 PM (IST)
जम्मू/श्रीनगर(रितेश): दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पुलिस ने 100 दिन नशा मुक्त समाज अभियान के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए एक महीने में 120 एन.डी.पी.एस. मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान 118 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 300 किलो से ज्यादा नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
एस.एस.पी. अनंतनाग अमोद अशोक नागपुरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि 11 अप्रैल से 11 मई तक चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने नशा तस्करों की 10 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की 14 संपत्तियां भी जब्त की हैं। पुलिस ने राज्य भूमि पर कब्जा कर नशे के पैसों से बनाई गई करीब 3.50 करोड़ रुपए की अवैध इमारतों को भी ढहा दिया। अभियान के दौरान लगभग 300 मरला अवैध पोस्ता खेती नष्ट की गई।
एस.एस.पी. ने चेतावनी दी कि पोस्त उगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस ने 1,084 जब्त नशीले माल को कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट भी किया।
इस दौरान सबसे बड़ा फैसला यह लिया गया कि अब एन.डी.पी.एस. मामलों में पकड़े गए वाहनों को वापस नहीं किया जाएगा बल्कि उनकी नीलामी की जाएगी। अभियान के दौरान 13 ड्राइविंग लाइसैंस रद्द करने और 9 वाहनों का पंजीकरण रद्द करने की सिफारिश भी की गई।
पुलिस ने 80 जगहों पर ‘नार्को कासो’ चलाकर छापेमारी की, 119 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया और 45 मेडिकल दुकानों की जांच की, जिनमें से 15 दुकानों को सील कर दिया गया। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को सरकारी नौकरी, पासपोर्ट और अन्य सुरक्षा मंजूरी नहीं मिलेगी।
घाटी में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 7 गिरफ्तार
‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’के तहत पुलिस ने सोपोर, अनंतनाग और पुलवामा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सोपोर में पुलिस ने अलग-अलग नाकों पर कार्रवाई कर अल्प्राजोलम गोलियां और कोडीन फॉस्फेट बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों में फैसल मजीद मीर, नसीर अहमद लोन और उमर जावेद टुगू शामिल हैं। अनंतनाग के लारनू इलाके में पुलिस ने जहांगिर अहमद खान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 1.442 किलो नशीला पदार्थ बरामद किया।
पुलवामा के लस्सीपोरा में एक बाइक सवार से 204 ग्राम चरस जैसी सामग्री बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
