जम्मू पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया Blind Murder केस, 2 आरोपी गिरफ्तार

Wednesday, Mar 18, 2026-11:04 PM (IST)

जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू पुलिस के साउथ जोन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 16 मार्च 2026 को सामने आए एक अंधे कत्ल के मामले को महज 24 घंटे में सुलझा लिया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, 16 मार्च की रात करीब 9:30 बजे थाना सतवारी को सूचना मिली कि चाठा से मीरां साहिब रोड पर एक पुल के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मृतक की पहचान लगभग 46-47 साल के सिख व्यक्ति के रूप में हुई। उसके गले पर तेजधार हथियार से वार किया गया था, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मृत्यु हो गई।

इस मामले में थाना सतवारी में एफआईआर नंबर 66/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103 और आर्म्स एक्ट की धाराओं 4 व 25 के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि वारदात के समय मृतक का पीछा एक स्कूटी पर सवार दो लोग कर रहे थे।

तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दविंदर सिंह निवासी भौर कैंप, वार्ड नंबर 1, और रविंदर सिंह उर्फ फतेह निवासी गोविंदपुरा चाठा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि मृतक का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जो इस घटना का कारण हो सकता है।

जम्मू पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस केस को सुलझाने में एसडीपीओ सिटी साउथ, एसएचओ सतवारी, पीपी चाठा, पीपी गाड़ीगढ़ और पीएसआई वसीम भट्टी की टीम ने अहम भूमिका निभाई। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून का शिकंजा जल्द ही उन तक पहुंचाया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 


Content Editor

VANSH Sharma

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News