Jammu: बारिश के बाद स्वास्थ्य को लेकर बड़ी चिंता,  निगम ने जारी की Health Advisory

Sunday, Sep 07, 2025-01:58 PM (IST)

जम्मू  :  जम्मू नगर निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने जम्मू के लोगों से सतर्क रहने और निवारक उपाय अपनाने की अपील की है क्योंकि निगम सीमा और जम्मू जिले के कई इलाके हाल ही में आई बाढ़ के बाद के हालात से उबर रहे हैं। निगम आयुक्त ने बाढ़ के बाद चुनौतियों के बीच जनता के लिए हैल्थ एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र जलजनित और वैक्टर जनित बीमारियों के प्रकोप के प्रति अत्यधिक संवेदनशील हैं और जन स्वास्थ्य की रक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई आवश्यक है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए डॉ. यादव ने कहा कि ऐसे समय में पेयजल का दूषित होना एक बड़ी चिंता का विषय है और इससे पेट में संक्रमण, सिरदर्द, बुखार और दस्त जैसी बीमारियां हो सकती हैं। इसके साथ ही इस मौसम में डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

सफाई रखें, छतों और आंगन में जमा पानी को हटाएं

डॉ. यादव ने नागरिकों को हानिकारक सूक्ष्म जीवों को खत्म करने के लिए पीने से पहले पानी को कम से कम 10 मिनट तक उबालने की सलाह दी है। जहां तक संभव हो, क्लोरीन की गोलियों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए और गोलियों को डालने के बाद पानी को कम से कम आधे घंटे तक बैठने देना चाहिए, उसके बाद ही उसे पीने या खाना पकाने के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए। अपने आस-पास सफाई रखें और छतों, आंगन और आस-पास की नालियों से जमा पानी को हटा दें, क्योंकि ऐसे क्षेत्रों में मच्छरों का प्रजनन होता है।

स्वास्थ्य सेवा सहायता हेतु 104 हैल्पलाइन नंबर शुरू

निगम आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं और तत्काल सहायता की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 104 हैल्पलाइन नंबर शुरू किया है। यह हैल्पलाइन निवासियों को मार्गदर्शन प्रदान करेगा और उनके स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रश्न का समाधान करेगा। इसके अलावा जम्मू नगर निगम ने मच्छरों के प्रजनन को नियंत्रित करने और वैक्टर जनित रोगों के जोखिम को कम करने के लिए निगम के सभी वार्डों में फॉगिंग और छिड़काव गतिविधियों को चलाने के अपने प्रयासों को तेज कर दिया है।

फॉगिंग हेतु अपने क्षेत्र और वार्ड नंबर दर्ज करवाएं

डॉ. यादव ने कहा कि यदि फॉगिंग और छिड़काव गतिविधियां अभी तक उनके इलाके में नहीं पहुंची हैं, तो वे तुरंत अपना क्षेत्र और वार्ड नंबर निगम हैल्पलाइन पर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि इससे अधिकारियों को उन क्षेत्रों को प्राथमिकता देने में मदद मिलेगी जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर बीमारियों को फैलने से रोक सकते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News