Jammu: जर्जर इमारत बनी ''जान का खतरा'', 10 साल से है खाली, प्रशासन नहीं ले रहा सुध

Wednesday, Aug 19, 2026-12:09 PM (IST)

जम्मू ( तनवीर ) :  जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के बीच जम्मू शहर के पुराने इलाकों में जर्जर इमारतें लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई हैं। जम्मू शहर के हार्ट ऑफ द सिटी स्थित वार्ड नंबर-2 के झुल्लका मोहल्ले में एक पुरानी और खाली पड़ी इमारत इन दिनों हादसे को न्योता देती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस इमारत में पिछले करीब 10 वर्षों से कोई नहीं रह रहा है। लोगों का कहना है कि इमारत काफी समय से जर्जर हालत में है और लगातार बारिश के कारण इसके गिरने का खतरा और बढ़ गया है। इमारत के आसपास से रोजाना लोगों की आवाजाही होती है और बच्चों को भी स्कूल जाने के लिए इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि उन्होंने पिछले वर्ष जम्मू नगर निगम को इस जर्जर इमारत की जानकारी दी थी। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने मौके का सर्वे भी किया था और इमारत के मालिक को नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार, नोटिस जारी होने के बावजूद अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद इमारत की स्थिति और चिंताजनक हो गई है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो इमारत अचानक गिर सकती है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।

मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन और जम्मू नगर निगम से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जर्जर इमारत का दोबारा निरीक्षण कराया जाए और सुरक्षा की दृष्टि से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए। लोगों का सवाल है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है।

PunjabKesari

 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

 

 


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News