Jammu: नशा विरोधी अभियान तेज, पुलिस ने हेरोइन समेत आरोपी को दबोचा
Thursday, Feb 05, 2026-04:20 PM (IST)
जम्मू (तनवीर सिंह): जम्मू पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आर.एस. पुरा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोहाला इलाके से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6.78 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस स्टेशन आर.एस. पुरा की टीम, जिसका नेतृत्व पीएसआई विशाल सिंह कर रहे थे, 04 जनवरी 2026 को नियमित गश्त के दौरान चोहाला इलाके में नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी (JK02CM-1980) को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी के दौरान स्कूटी चालक के पास से 6.78 ग्राम हेरोइन जैसी नशीली सामग्री बरामद हुई। आरोपी की पहचान विशाल कुमार पुत्र तरसेम लाल, निवासी सिधेर, तहसील सुचेतगढ़, जिला जम्मू के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस स्टेशन आर.एस. पुरा में एफआईआर नंबर 28/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/60 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने नशीला पदार्थ और स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।
जम्मू पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ उनकी मुहिम लगातार जारी रहेगी और आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
