J&K : LOC पर एक बार फिर बढ़ा तनाव! पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर उल्लंघन की खबर
Sunday, Jun 14, 2026-09:27 PM (IST)
पूंछ (धनुज): नियंत्रण रेखा (LoC) पर एक बार फिर तनाव बढ़ने की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर के तरकुंडी (Tarkundi) इलाके में पाकिस्तान की ओर से कथित तौर पर सीजफायर उल्लंघन किया गया। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी चौकियों से करीब 8 मिनट तक रुक-रुक कर फायरिंग की गई।
सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद सीमा पर सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हो गए हैं और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान या हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, भारतीय सेना या संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फायरिंग की परिस्थितियों और उसके कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
सीमा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यदि सीजफायर उल्लंघन की पुष्टि होती है तो यह हाल के दिनों में नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ने का एक और मामला माना जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और स्थानीय स्तर पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से मामले की पुष्टि नहीं की गई है।
