J&K: मंडी में पेट्रोल पंपों पर प्रशासन का औचक छापा, ईंधन आपूर्ति का लिया जायजा
Saturday, Mar 14, 2026-03:19 PM (IST)
मंडी ( धनुज शर्मा ) : तहसीलदार मंडी अशफाक अहमद ने SHO मंडी निक्कू राम के साथ मंडी क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया, ताकि ईंधन की उपलब्धता का जायजा लिया जा सके और आम जनता के लिए आपूर्ति सुचारू बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की स्थिति की जांच की तथा पंप संचालकों से ईंधन आपूर्ति को लेकर बातचीत की। इस दौरान रिकॉर्ड भी चेक किए गए और यह सुनिश्चित किया गया कि जनता की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।
इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने लोगों और वाहन चालकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि वितरण में पारदर्शिता बनाए रखें और उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के ईंधन उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
