मां मचैल के दर्शन की आस हुई पूरी, हाईवे खुलते ही रवाना हुए श्रद्धालु
Sunday, Aug 02, 2026-07:58 PM (IST)
गुलाबगढ़/किश्तवाड़ ( मुकेश ) : जम्मू-कश्मीर नेशनल हाईवे आज पूरी तरह से यातायात के लिए खोल दिया गया, जिसके बाद दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से शुरू हो गई। हाईवे खुलने के साथ ही श्री मचैल माता यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह भी देखने लायक रहा।
पंजाब केसरी की टीम ने यात्रा के प्रमुख पड़ाव गुलाबगढ़ में पहुंचकर विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से बातचीत की। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे माता रानी के बुलावे पर श्री मचैल माता के पवित्र दर्शन के लिए पहुंचे हैं। उनका कहना था कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वे पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ यात्रा कर रहे हैं तथा माता रानी से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।
श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि लंगर, चिकित्सा सुविधाएं और सुरक्षा के उचित प्रबंध किए गए हैं, जिससे यात्रा सुगम और सुरक्षित बन रही है।
हाईवे खुलने के बाद यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और गुलाबगढ़ से मचैल की ओर जाने वाले यात्रियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
