SIA Kashmir का बड़ा Action, 4 साल से फरार Hizbul Handler जम्मू से गिरफ्तार

Tuesday, Aug 18, 2026-03:59 PM (IST)

जम्मू: राज्य जांच एजैंसी (एस.आई.ए.) कश्मीर ने 'हिजबुल मुजाहिदीन' का हैंडलर को गिरफ्तार किया है। उक्त हैंडलर 4 वर्षों से उक्त आरोपी एस.आई.ए. को चकमा दे रहा था।

जानकारी के अनुसार एस.आई.ए. की नशे की तस्करी के जरिए आतंकियों तक पैसा पहुंचाने वाले नैटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब चार वर्षों से फरार चल रहे आतंकियों के हैंडलर मनोज कुमार भट्ट उर्फ पिंटू को जम्मू से गिरफ्तार किया है। आरोपी रिहाड़ी कॉलोनी, बख्शी नगर जम्मू का रहने वाला है।

एस.आई.ए. के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एफ.आई.आर. नंबर 13/2022 दर्ज है। यह मामला 3 जून 2022 को नशे की तस्करी और उससे मिलने वाले पैसों को आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जाने के आरोपों में दर्ज किया गया था।

जांच में पाकिस्तान व पी.ओ.के. में बैठे हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े कथित हैंडलरों के साथ नैटवर्क के संबंध सामने आए हैं। इनमें इम्तियाज अहमद उर्फ कंडू और मंजूर अहमद खान के नाम भी सामने आए हैं। इन लोगों ने पी.ओ.के. से नशीले पदार्थों की तस्करी में मदद की। इस मामले में एस.आई.ए. ने अब तक जीशान अहमद सोफी, वसीम अहमद खान, बशीर अहमद कोली, मोहम्मद अशरफ लोन, मोहम्मद सलीम खान और जफरान खान के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की हैं।

पी.ओ.के. से आता था नशा, जम्मू-कश्मीर में होता था वितरण

जांच में सामने आया कि पाकिस्तान और पी.ओ.के. में बैठे आतंकियों से जुड़े लोगों के जरिए नशीले पदार्थ जम्मू-कश्मीर तक पहुंचाए जाते थे। इसके बाद स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से इन्हें अलग-अलग जगहों पर बेचा जाता था। आरोप है कि नशे से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को मजबूत करने के लिए किया जाता था। एस.आई.ए. के मुताबिक, मनोज कुमार भट्ट उर्फ पिंटू ने जम्मू संभाग में नशीले पदार्थों की बिक्री और वितरण में भूमिका निभाई। उसकी गिरफ्तारी से इस पूरे नेटवर्क की कई और कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।

जांच में कई जगहों से बरामद हुआ नशा

मामले की शुरुआत सोपोर के नोपोरा इलाके में जीशान अहमद सोफी और वसीम अहमद खान से एक किलो हैरोइन बरामद होने के बाद हुई थी। आगे की जांच में 7 किलो चूरा-पोस्त व 4 किलो पोस्ता बीज भी बरामद किए गए। एस.आई.ए. ने पहले मनोज कुमार भट्ट के घर से भी 15 ग्राम हैरोइन बरामद की थी। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और कुछ इलैक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनकी तकनीकी और फोरेंसिक जांच की जा रही है। एजैंसी अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों, मददगारों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News