J&K: भारी बर्फबारी से जिले में जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप
Sunday, Feb 01, 2026-02:32 PM (IST)
पुंछ (धनुज): जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के चलते सुरनकोट, मंडी और हवेली तहसीलों में बिजली ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बर्फबारी थमते ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मोर्चा संभालते हुए आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया।

विभागीय कर्मचारियों ने सबसे पहले निचले इलाकों में कम समय में बिजली आपूर्ति बहाल की। इसके बाद दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 3 से 4 फुट मोटी बर्फ की परत के बीच बिजली ढांचे की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। कड़ी मेहनत और साहस का परिचय देते हुए कर्मचारियों ने गिरे हुए खंभों को दोबारा खड़ा किया, टूटे तारों की मरम्मत की और बर्फबारी से क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को कंधों पर उठाकर कई किलोमीटर पैदल चलकर बदला, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में फिर से बिजली आपूर्ति संभव हो सकी।

इस संबंध में बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) आफताब अहमद ने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण जिले में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई थी। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ ने दिन-रात कड़ी मेहनत कर हालात को सामान्य किया है और अब जिले में शत-प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
