J&K में गर्मी ने तोड़ा 20 साल का Record,...इस दिन होगी बारिश, मिलेगी राहत

Saturday, Jun 21, 2025-02:06 PM (IST)

श्रीनगर :  जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में गर्मी ने शुक्रवार को 20 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। आज अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 6.3 डिग्री सैल्सियस अधिक है। एक दिन पहले यहां पर अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। स्वतंत्र मौसम विशेषज्ञ फैजान आरिफ ने कहा कि यह 2005 के बाद से श्रीनगर का सबसे अधिक तापमान है। उन्होंने कहा,‘श्रीनगर में आज का 35.5 डिग्री सैल्सियस तापमान 2005 के बाद से जून महीने में सबसे अधिक तापमान है।'

श्रीनगर में जून महीने में अब तक का सबसे अधिक तापमान 37.8 डिग्री सैल्सियस 29 जून, 1978 को दर्ज किया गया था। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कश्मीर के विभिन्न जिलों में तापमान में असामान्य रूप से बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के हिसाब से 7.1 डिग्री सैल्सियस अधिक है।

ये भी पढ़ेंः  योग दिवस पर J&K में धूम, LG Sinha ने जारी किया संदेश

वहीं, लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री सैल्सियस अधिक है। कुपवाड़ा में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकरनाग में यह 33.6 डिग्री सैल्सियस रहा। आमतौर पर ठंडा रहने वाले अल्पाइन जलवायु (पर्वतीय जलवायु या उच्चभूमि जलवायु) के लिए प्रसिद्ध गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री सैल्सियस अधिक है।

मौसम विभाग ने आज के लिए कश्मीर संभाग में मुख्य रूप से शुष्क मौसम का अनुमान लगाया है। इस तरह से घाटी के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने हालांकि रविवार से शुरू होने वाले अगले दो दिनों में जम्मू -कश्मीर में छिटपुट से लेकर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है।

लू के कारण कश्मीर सरकार जुलाई में कश्मीर के विद्यालयों में 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने पर विचार कर रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News