Happy Raksha Bandhan : स्कूली बच्चों ने सीमा पर देश की रक्षा कर रहे जवानों को बांधी राखी, देखें Video

Friday, Aug 28, 2026-11:26 AM (IST)

हीरानगर(लोकेश): भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर देश की सुरक्षा में दिन-रात डटे सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के लिए रक्षाबंधन का पर्व भावनाओं से भरा रहा। घर-परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की हिफाजत कर रहे जवानों के साथ स्कूली बच्चों ने रक्षाबंधन मनाकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता प्रकट की।

हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित BSF की अग्रिम चौकियों पर पहुंचे स्कूली बच्चों ने जवानों की कलाइयों पर पवित्र राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जवानों और बच्चों के बीच आत्मीयता का भाव देखने को मिला। बच्चों ने जवानों को अपना भाई बताते हुए कहा कि वे देश की रक्षा के लिए जिस समर्पण और साहस के साथ सीमा पर डटे हुए हैं, उसके लिए पूरा देश उनका ऋणी है। स्कूली बच्चों की ओर से जवानों की कलाइयों पर बांधी गई राखी महज एक धागा नहीं, बल्कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति विश्वास और सम्मान का प्रतीक बनी। जवानों ने भी बच्चों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरतलब है कि क्षेत्र के स्कूली बच्चे पिछले कई वर्षों से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात BSF जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाते आ रहे हैं। इस परंपरा के तहत इस वर्ष भी बच्चे सीमा पर पहुंचे और जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित इस भावुक पल ने जवानों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी। रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों ने कहा कि जब देशवासी अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाते हैं, उस समय BSF के जवान अपने परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हैं। ऐसे में उनके साथ रक्षाबंधन मनाना उनके लिए गर्व की बात है। सीमा पर तैनात जवानों के लिए यह राखी एक भावनात्मक संदेश भी रही, आप देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, पूरा देश आपके साथ खड़ा है।

कटड़ा(अमित शर्मा): राखी पर्व पर अपने घरों से दूर रहकर देश की रक्षा कर रहे सीआरपीएफ के जवानों को स्कूली छात्रों ने राखी पहना कर अपना दायित्व निभाया है। वही जवानों ने भी इस हेतु छात्रओं का आभार जताया है।

सी.आर.पी.एफ. 6 बटालियन के जवान मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं की रक्षा हेतु 24 घंटे 365 दिन मुस्तादी से अपनी ड्यूटी को अंजाम देते हैं। ऐसे में सुरक्षा कारणों के चलते त्योहार पर भी अपने घरों को नहीं जा पाते। इसी को देखते हुए स्कूली बच्चियां आगे आईं और जवानो की सूनी कलाइयों में राखी बांधी गई।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Writer

Sunita sarangal

सबसे ज्यादा पढ़े गए