जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह में फायरिंग: युवक की मौत, SOG के 3 जवान घायल, मौलवी हिरासत में

Friday, Jul 17, 2026-09:23 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र में देर रात हुई फायरिंग की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के 3 जवान घायल हो गए। घटना के संबंध में पुलिस ने एक धार्मिक उपदेशक (मौलवी) को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार देर रात भद्रवाह से करीब 35 किलोमीटर दूर जाई-गंडोह मार्ग पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद SOG की टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। रात करीब 11:30 बजे टीम ने एक युवक को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर उनकी सर्विस राइफल छीनने का प्रयास किया। इस दौरान हुई हाथापाई में एक SOG जवान ने गोली चला दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

घायलों को पहले उप-जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज, डोडा रेफर किया गया। इलाज के दौरान चीका गांव निवासी 30 वर्षीय आरिफ हुसैन की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने एक धार्मिक उपदेशक (मौलवी) को हिरासत में लिया है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घटना में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है और फिलहाल उसका संबंध पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर भद्रवाह शहर में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है। वहीं, सेना ने जाई क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


Content Writer

Vatika

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News