Jammu में LOC के पास Blast, भारतीय सेना का एक जवान घायल
Saturday, Jul 04, 2026-10:51 AM (IST)
नौशहरा(रमेश): नौशहरा सेक्टर के झांगड़ सैक्टर में एल.ओ.सी. के पास गश्त के दौरान माइन ब्लास्ट में भारतीय सेना की 14 असम यूनिट के नायब सूबेदार हितेश्वर गोगोई घायल हो गए। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए कमांड अस्पताल उधमपुर रैफर कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार सेना की टीम झांगड़ के अग्रिम इलाके में नियमित पैट्रोलिंग और क्षेत्र की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। इसमें नायब सूबेदार हितेश्वर घायल हो गए। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सेना ने तत्काल पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
सेना के अधिकारियों ने बताया कि घायल अधिकारी को पहले नजदीकी सैन्य चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया, जहां से कमांड अस्पताल उधमपुर भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक यह विस्फोट पुराने लैंडमाइन या गश्त मार्ग में मौजूद विस्फोटक सामग्री के कारण हो सकता है। सुरक्षा एजैंसियां पूरे इलाके की जांच कर रही हैं, ताकि किसी अन्य संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि नियंत्रण रेखा से सटे राजौरी और नौशहरा सैक्टर में बारिश के मौसम में कई बार पुराने बारूदी सुरंगें खिसक जाती हैं। इससे जवानों के लिए खतरा बढ़ जाता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
