Jammu : भट्ठी पर तैयार होता है यहां का मशहूर मिल्क केक, Diwali पर खरीदारी के लिए दूर-दूर से पहुंचे लोग
Thursday, Nov 05, 2026-12:51 PM (IST)
आर.एस.पुरा(मुकेश रैना): दीपावली पर्व नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों की मांग बढ़ गई है। खास तौर पर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित गांव अब्दुलियां का पारंपरिक मिल्क केक लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। अपनी खास पहचान और लाजवाब स्वाद के लिए मशहूर इस मिल्क केक को खरीदने के लिए इन दिनों दूर-दूर से लोग गांव पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, कई वर्ष पहले गांव के ही भीमा नामक व्यक्ति ने मिल्क केक बनाने का काम शुरू किया था। उनकी मृत्यु के बाद अब उनका परिवार इस पारंपरिक कारोबार को आगे बढ़ा रहा है। आज गांव के करीब 20 परिवार मिल्क केक तैयार करने के काम से जुड़े हुए हैं।
इस मिल्क केक की सबसे बड़ी खासियत इसे तैयार करने का पारंपरिक तरीका है। इसे आज भी आग की भट्ठी पर शुद्ध दूध और चीनी के मिश्रण से तैयार किया जाता है। यही पारंपरिक विधि इसके स्वाद को खास बनाती है। बताया जाता है कि इस मिल्क केक को एक महीने तक भी सुरक्षित रखा जा सकता है।
दीपावली के अवसर पर जम्मू सहित कई दूरदराज क्षेत्रों से लोग अब्दुलियां पहुंचकर अपने परिजनों और दोस्तों को उपहार देने के लिए मिल्क केक खरीद रहे हैं। समय के साथ यह पारंपरिक मिठाई अब केवल एक कारोबार नहीं, बल्कि अब्दुलियां गांव की पहचान बन चुकी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
