Pargwal में चिनाब के किनारे बने तटबंध धंसे, प्रशासन Alert!
Friday, Jul 24, 2026-05:59 PM (IST)
परगवाल ( रोहित मिश्रा ) : चिनाब नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच परगवाल क्षेत्र में नदी किनारे बनाए गए कई तटबंध (बांध) नीचे धंसने लगे हैं। तटबंधों के बैठ जाने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर और बढ़ा या तटबंध टूट गए, तो नदी का पानी सीधे गांव में घुस सकता है, जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने की आशंका है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तटबंधों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर तटबंध नीचे बैठ चुके हैं। यदि चिनाब नदी का जलस्तर और बढ़ता है, तो पानी गांव की ओर आने का खतरा बढ़ सकता है।
प्रशासन ने तत्काल फ्लड कंट्रोल विभाग को सूचित कर दिया है। एहतियात के तौर पर JCB मशीनों की मदद से तटबंधों पर मिट्टी डालकर उन्हें मजबूत करने का कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि किसी भी संभावित खतरे से गांवों को सुरक्षित रखा जा सके।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। वहीं ग्रामीणों ने मांग की है कि तटबंधों को स्थायी रूप से मजबूत किया जाए, ताकि हर बरसात में इस तरह के खतरे का सामना न करना पड़े।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
