Beerwah में विकास को मिलेगी रफ्तार... लोगों से किया वादा निभाने पहुंचे CM Omar Abdullah
Friday, Oct 23, 2026-01:21 PM (IST)
बडगाम ( मीर आफताब ) : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की सरकार पूरे जम्मू-कश्मीर में विकास सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने शुक्रवार को बताया कि बीरवाह के उनके दौरे का मकसद इस क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। अपने दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उमर ने कहा, "मैं हर क्षेत्र में तरक्की लाने की पूरी कोशिश कर रहा हूं। आज मेरे बीरवाह आने का यही मकसद था।" मुख्यमंत्री ने बताया कि इस इलाके में लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया है, जबकि कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई है।
इस क्षेत्र के साथ अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए उमर ने कहा, "2014 में बीरवाह के मतदाताओं ने मुझ पर एक एहसान किया था। मैंने यहां के लोगों से कहा था कि मैं जीवन भर उनका ऋणी रहूँगा।" उन्होंने बताया कि नाला सुखनाग पर बना पुल, जो यहां के निवासियों की लंबे समय से मांग थी, अब बनकर तैयार हो गया है और इसे जनता के लिए खोल दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि इलाके में रिवरफ्रंट को सुंदर बनाने की परियोजनाएं भी शुरू की जा रही हैं, जिनमें वॉकिंग ट्रैक और डेक शामिल हैं। बिजली के बुनियादी ढांचे के बारे में उमर ने बताया कि एक नए रिसीविंग स्टेशन की आधारशिला रखी गई है और उम्मीद है कि यह सुविधा चार से पांच महीनों के भीतर काम करना शुरू कर देगी।
उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान निवासियों को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए ट्रांसफार्मर की मुरम्मत हेतु एक स्थानीय वर्कशॉप भी स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा, "ईश्वर ने चाहा तो हम इस वर्कशॉप का काम जल्द से जल्द पूरा कर लेंगे।"
प्रस्तावित हाईवे रूट और स्थानीय व्यवसायों पर इसके असर को लेकर जताई गई चिंताओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मामले को हाईवे अधिकारियों के सामने उठाया है। उन्होंने कहा, "लोगों की मांगों को समझते हुए, हमने इस मुद्दे को हाईवे अधिकारियों के सामने रखा है। अब हम यहां के लोगों की मांगों को पूरा करने की कोशिश करेंगे।"
स्टेडियम की मांग पर उन्होंने कहा कि पहले एक उपयुक्त जगह की पहचान की जाएगी, जिसके बाद खेल विभाग इसके विकास का काम संभालेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
