पुंछ में DC ऑफिस के बाहर कॉन्ग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

Monday, Feb 02, 2026-01:43 PM (IST)

पुंछ ( धनुज शर्मा ) :  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पूंछ के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के नाम में बदलाव के फैसले सहित आम जनता से जुड़े अन्य मुद्दों पर कड़ा विरोध जताया गया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहनवाज चौधरी ने किया, जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता फियाज़ दीवान भी प्रदर्शन में प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रदर्शन में लगभग 100 कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहनवाज चौधरी ने मनरेगा का नाम बदलने के फैसले का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण क्षेत्रों और गरीब परिवारों के लिए जीवनरेखा है और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने या उनके नाम बदलने के किसी भी प्रयास का डटकर विरोध करती रहेगी।

प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट बिजली मीटरों की स्थापना पर भी गंभीर चिंता जताई और आरोप लगाया कि इनके कारण बिजली बिलों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। उन्होंने गरीब, मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बिजली बिलों में रियायत और राहत की मांग की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता फियाज दीवान ने कहा कि बढ़ती बिजली दरों ने आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रदर्शनकारियों की मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आने वाले दिनों में अपने आंदोलन को और तेज करेगी।

PunjabKesari

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News