Congress ने 39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की जारी, J&K के कांग्रेसियों के दिल की बढ़ी धड़कनें

3/9/2024 4:48:54 PM

जम्मू: कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए पहली सूची जारी कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में चुनाव के लिए 39 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। पहले लिस्ट में जम्मू-कश्मीर के उम्मीदवारों के नाम शामिल नहीं हैं, लेकिन पहली लिस्ट जारी होने पर जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के नेताओं की दिल की धड़कनें बढ़ गई हैं।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, लक्ष्यद्वीप, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा के 39 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। इस 39 उम्मीदवारों में 15 सामान्य और 24 दलित, एसटी और अल्पसंख्यक शामिल हैं। राहुल गांधी वायनाड से लड़ेंगे। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली, यू.पी., राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की कई सीटों पर भी नाम घोषित होने की संभावना थी, लेकिन इन राज्यों में हरेक सीट पर कई दावेदार होने की वजह से फिलहाल इन राज्यों का ऐलान टाल दिया गया। जम्मू और कश्मीर को लेकर अभी मंथन चल रहा है। राहुल गांधी स्वयं कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव समिति में लगातार भाग ले रहे हैं। उच्च सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी ने अपनी न्याय यात्रा को दस दिन पहले ही समाप्त कर ली। राहुल की न्याय यात्रा 19 मार्च को संपन्न होनी थी। उधर, शुक्रवार को इंडिया ब्लॉक के गठबंधन के साथी नैशनल कांफ्रैंस और पी.डी.पी. के बीच दरार सामने आई है। पी.डी.पी. की अध्यक्षा महबूबा मुफ्ती की आस अब जम्मू-कश्मीर कांग्रेस पर टिकी है जिसके बारे में बातचीत भी चल रही है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नबी मोंगा ने दावा किया है इंडिया ब्लॉक के बीच कोई असहमति नहीं है। यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। सभी दलों का अधिकार है कि वह ज्यादा से ज्यादा सीटों पर दावा करे। फिलहाल बातचीत चल रही है। सूत्रों के अनुसार अब माना जा रहा है कि 2-3 दिन के अंदर कांग्रेस इलेक्शन कमेटी दूसरी बैठक करके इन सीटों पर उम्मीदवारों के बारे में फैसला ले लेगी और जम्मू-कश्मीर के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी हो जाएगी।

ये भी पढ़ेंः- Anti-Corruption Bureau ने वन विभाग के अधिकारी को किया गिरफ्तार


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News