Poonch में बादल फटने से तबाही, 2 साल के मासूम समेत 10 की मौ*त, कई लापता
Sunday, Jul 19, 2026-01:57 PM (IST)
पूंछ ( धनुज ) : जम्मू-कश्मीर के पुंछ इलाके में शनिवार की रात तबाही की रात रही। बताते चलें कि शनिवार की खराब मौसम के चलते यहां बादल फटने से 10 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है । अधिकारियों ने बताया कि दो सीमावर्ती ज़िलों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ और ज़बरदस्त भूस्खलन हुआ, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लापता हैं। टावरों को काफी नुकसान पहुंचा है जिसके चलते यहां का नेटवर्क भी बंद हो गया था, जिसे 5 घंटों के बाद बहाल किया गया है, लेकिन बिजली अभी तक बंद है।
सूत्रों के अनुसार सबसे ज़्यादा तबाही पुंछ जिले के सुराकोट के लोअर मुर्रा इलाके में हुई है। रात भर हुई लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन और अचानक बाढ़ आ गई, जिससे रिहायशी मकान मलबे में दब गए और कई परिवार मलबे के नीचे फंस गए।
लोअर मुर्रा की इस त्रासदी में 8 लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है: नूर सफिया (59), पत्नी मोहम्मद लतीफ़; सज्जाद अहमद (16), बेटा मोहम्मद लतीफ, हकनवाज़ अहमद (10), बेटा मोहम्मद लतीफ, शाहनवाज़ अहमद (10), बेटा मोहम्मद लतीफ, खालिदा कौसर (25), पत्नी यासर इकबाल, सोफियान (2), बेटा यासर इक़बाल; बानो बी (60), पत्नी मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद अकरम (7), बेटा मोहम्मद लियाकत।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, SDRF, नागरिक प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों की बचाव टीमें उन छह लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चला रही हैं जो बह गए थे या मलबे के नीचे फंस गए थे और अभी भी लापता हैं।

संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए Alert!
भारी बारिश के कारण पुंछ और उससे सटे राजौरी जिलों के कई हिस्सों में सड़कों, घरों, वाहनों और अन्य बुनियादी ढांचों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। साथ ही, अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को घरों के अंदर रहने और नदियों, नालों और भूस्खलन की आशंका वाली जगहों के पास जाने से बचने की सलाह दी है।
मौसम के लगातार अस्थिर बने रहने के कारण प्रशासन ने बचाव और राहत कार्यों में तेजी ला दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
