Poonch में सड़कों पर उतरीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
Friday, Sep 25, 2026-05:01 PM (IST)
पुंछ ( धनुज ) : अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पुंछ के कृष्ण चंदर पार्क में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। प्रदर्शनकारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय/वेतन में बढ़ोतरी, बेहतर सेवा शर्तों तथा अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से जमीनी स्तर पर महिला एवं बाल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति और सेवा शर्तों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, ऐसे में मौजूदा मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर सम्मानजनक वेतन/मानदेय बढ़ोतरी करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
