Amarnath Yatra फिर पटरी पर... बालटाल और पहलगाम मार्गों से फिर शुरू हुआ सफर

Friday, Jul 18, 2025-05:39 PM (IST)

जम्मू  : एक दिन के लिए स्थगित रहने के बाद अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से फिर बहाल हो गई है। गत वीरवार को खराब मौसम और फिसलन भरे रास्तों के कारण अमरनाथ यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था। एहतियात के तौर पर दोनों आधार शिविरों में से किसी से भी किसी तीर्थयात्री को गुफा मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। शुक्रवार सुबह यात्रा बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर फिर से शुरू हो गई जबकि जम्मू से 7,908 यात्रियों को रवाना किया गया।

लगातार बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और पैदल मार्ग असुरक्षित हो गए थे। प्रभावित हिस्सों की मुरम्मत और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत मुरम्मत कार्य शुरू किया गया। बचाव दल और सीमा सड़क संगठन (बी.आर.ओ.) ने मार्गों को यात्रा योग्य बनाने के लिए दिन-रात काम किया। वहीं मौसम में भी सुधार हुआ है।

वहीं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू के बेस कैम्प यात्री निवास से भेजे गए 7,908 अमरनाथ यात्रियों के 16वें जत्थे में बालटाल के लिए 2879 और नुनवान पहलगाम के लिए 5029 यात्रियों को रवाना किया गया। बालटाल के जत्थे में 1759 पुरुष, 1073 महिलाएं, 11 बच्चे, 27 साधु और 9 साध्वियां शामिल थे जिन्हें 92 वाहनों से भेजा गया जबकि पहलगाम की ओर निकले जत्थे में 4198 पुरुष, 540 महिलाएं, 15 बच्चे, 263 साधु और 13 के करीब साध्वियां शामिल थीं जिन्हें 169 वाहनों में रवाना किया गया।

यात्रा बहाल होने पर भक्तों में उत्साह

शुक्रवार को एक बार फिर से यात्रा शुरू होने पर अमरनाथ यात्रियों में यात्रा को लेकर काफी उत्साह था। अभी भी बड़ी संख्या में देश के कोने-कोने से लोग अमरनाथ यात्रा के लिए आ रहे हैं। जम्मू पहुंचने पर यात्री तत्काल पंजीकरण करवाकर यात्रा को सुनिश्चित कर रहे हैं। कुछ लोग अपने निजी वाहनों से जम्मू पहुंच रहे हैं। जो लोग पहली बार यात्रा के लिए जम्मू पहुंच रहे हैं, उनके लिए जम्मू तवी रेलवे स्टेशन और जगह-जगह हैल्प डैस्क लगाए गए हैं ताकि उन्हें भटकना ना पड़े।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


Content Editor

Neetu Bala

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News